गुरु पूर्णिमा पर गंगा मईया के जयकारों के साथ घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता

रायबरेली
  • डलमऊ के विभिन्न घाटों पर कई हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, प्रशासन की रही चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

रायबरेली। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर डलमऊ के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा पड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई वहीं गंगा मईया के जयकारों से आसपास आवाज गूंजती रही। इस बीच श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चन के साथ दान पुण्य भी किया। तीर्थ पुरोहितों के अनुसार, करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने विभिन्न घाटों पर स्नान किया।

सुबह से गुरु पूर्णिमा पर भक्तों की भीड़ ज्यादा बढ़ी

रायबरेली में डलमऊ, गेगासो, गोकना घाट पर विभिन्न आसपास के जिले से श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचते है। इस बार श्रद्धालुओं का आगमन गुरु पूर्णिमा से एक दिन पहले ही शुरू हो गया था। रात में घाटों पर ढोल-मजीरों की धुन पर भक्ति गीतों का आयोजन सुनाई दिया। सुबह चार बजे से ही गंगा स्नान व गंगा मईया के जयकारों का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह पांच से आठ बजे के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी। 10 से 12 बजे के बीच स्नान घाटो पर पूरी तरह से श्रद्धालु भर गए। पहले से ही डीएम व एसपी के आदेश पर प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए विशेष व पुख्ता इंतजाम कर लिया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मियां टोला और वीआईपी गेस्ट हाउस के पास अस्थाई वाहन स्टैंड बनाए गए। जिसमें दूर दूर से आए श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से न जूझना पड़े। पुलिस की गस्त ने घाटों पर कड़ी निगरानी रखते हुए भक्तों को किसी तरह की परेशानी से मुक्त रखा। गोकना और गेगासों घाट पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती देखी गई जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। घाटों पर गोताखोरो को भी तैनात किया गया था। गुरु पूर्णिमा पर पुलिस की मुस्तैदी के चलते कोई घटना नहीं हुई। भक्त गंगा स्नान के बाद घर की ओर रवाना हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *